Monday, March 25

हर घर कुछ कहता है - गीतिका सक्सेना (गीता प्रकाशन द्वारा प्रकाशित साझा संकलन "स्वराभिषेक विचारों का" )

  (गीता प्रकाशन द्वारा प्रकाशित  साझा संकलन "स्वराभिषेक विचारों का" )



हर घर कुछ कहता है
💐........................................💐


    बंगलुरु से आने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट अभी दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड हुई ही थी कि पार्थ ने अपना फोन ऑन करके सबसे पहले समर्थ को फोन किया। " सैम, मेरी फ्लाइट लैंड हो गई है तू कहां है "? " तू अपना लगेज पिक कर ले तब तक मैं पहुंच जाऊंगा", दूसरी तरफ़ से समर्थ ने जवाब दिया।

    समर्थ और पार्थ दोनों बचपन के दोस्त थे बल्कि दोस्त कम भाई ज़्यादा थे। दोनों एक ही कॉलोनी में रहते थे। पहले दोनों एक ही स्कूल और फिर एक ही कॉलेज में पढ़े थे। और वही दोस्ती आज तक कायम थी बल्कि अब तो दोनों रिश्तेदार भी थे।

    अपना सामान उठाकर पार्थ एयरपोर्ट से बाहर आ गया और चारों तरफ़ समर्थ को ढूंढने लगा। समर्थ की देर से आने की आदत से वो अच्छी तरह वाकिफ था इसीलिए उसने रन वे से ही उसे फ़ोन कर दिया था। बार बार पार्थ कभी घड़ी देखता कभी सड़क मगर समर्थ का कहीं नाम ओ निशान नहीं था। "साला कभी टाइम से नहीं आ सकता", मन ही मन पार्थ अपने जिगरी दोस्त को गाली दे रहा था। करीब आधा घंटा बीतने के बाद समर्थ एयरपोर्ट पहुंचा और मजाकिया अंदाज़ में बोला," आपका सारथी हाज़िर है पार्थ"। पार्थ ने उसे घूरकर देखा और बोला, "क्यों बे साले कभी टाइम पर नहीं आ सकता? इतनी ठंड में आधा घंटे से खड़ा हूं। तुम्हें आर्मी में होना चाहिए था थोड़ा अनुशासन सीख जाते"। इतना सुनते ही समर्थ की हंसी छूट गई और वो बोला, " बस भाई आर्मी तेरे लिए ही ठीक है और हां अब जो तू ने साला कह ही दिया है तो ये भी बता दे कि मेरी बहन और भांजी कैसी हैं"? 

    "मुझसे क्या पूछ रहा है हर रोज़ तुम दोनों भाई बहन घंटों बात करते हो। अब तू जल्दी से सामान गाड़ी में रख और चल। सबसे पहले घर जाना है। तेरे पास टाइम है ना"? 

    "कैसी बात कर रहा है यार तेरे लिए टाइम ही टाइम है। पर क्या तू सच में घर जाना चाहता है”? समर्थ ने गंभीर स्वर में पूछा। वो जानता था घर जाना पार्थ के लिए कितना कठिन है। लंबी सांस लेते हुए पार्थ बोला," हां यार! इस बार ज़रूर जाऊंगा। मां भी कई बार कह चुकी हैं कि घर देख कर आना। जबसे वो हमारे साथ  रहने आई हैं तब से घर बंद पड़ा है, पता नहीं किस हाल में होगा"। समर्थ ने हामी भरते हुए गाड़ी पार्थ के द्वारका वाले घर की तरफ़ दौड़ा दी।    पूरे रास्ते गाड़ी में एक सन्नाटा सा छाया रहा। पार्थ किसी गहरी सोच में डूब कर बस खिड़की से बाहर देखता रहा। उसके चेहरे पर कभी दर्द तो कभी आत्म ग्लानि तो कभी उत्सुकता के भाव आ जा रहे थे। दूसरी तरफ़ समर्थ का पूरा ध्यान सड़क पर था मगर वो पार्थ के मन में उठ रहीं तरह तरह की भावनाओं को समझ रहा था; आखिर समझता कैसे नहीं दोनों सुख दुख के साथी जो थे। 

    थोड़ी देर में समर्थ ने गाड़ी पार्थ के घर के बाहर रोकी तो  पार्थ अपने ख्यालों की दुनिया से बाहर आया और नीचे उतरकर उसने अपने घर की तरफ़ देखा। उसे लगा जैसे वो किसी अपने के पास लौट आया हो। कोई ऐसा जिसने उसे बड़ा होते देखा है, जिसने उसे रोते हंसते देखा है। कोई ऐसा जो उसकी हर हार और जीत का साक्षी था, कोई ऐसा जो हमेशा उसका इंतज़ार करता था।

    समर्थ लगातार पार्थ को देख रहा था और उसके साथ चल रहा था। पार्थ धीरे धीरे अपने घर की तरफ़ बढ़ा। उसने मेन गेट पर लटका बड़ा सा ताला खोला और अंदर लॉन में आया। लॉन में खड़े होते ही उसने देखा दो बच्चे एक दूसरे के पीछे दौड़ रहे हैं। छोटा लड़का अपनी बड़ी बहन की चोटी खींचकर उसे परेशान कर रहा है और बहन उसकी पिटाई करने के लिए उसके पीछे दौड़ रही है। दौड़ते दौड़ते दोनों घर के भीतर भाग गए कि तभी उनकी मां ने उन्हें ज़ोर से डांटा, " मिट्टी की चप्पल लेकर पूरे ड्राइंग रूम में दौड़ रहे हो। देखो सारा फर्श गंदा कर दिया। चलो दोनों मिलकर साफ़ करो"। "मैं क्यों करूं मां ये पार्थ मेरी चोटी खींच खींच कर मुझे परेशान कर रहा था। इस से कहो ये ही करेगा", पार्थ की बड़ी बहन संगीता ने गुस्से से उसकी तरफ़ देखते हुए कहा। अभी पार्थ कुछ कहने ही वाला था कि मां ने पार्थ का कान पकड़ते हुए कहा," क्यों सता रहा है दीदी को? चलो दोनों पोंछा उठाओ और ये सारे निशान साफ़ करो"। पार्थ अपना कान पकड़कर ज़ोर से चिल्लाया "आह! मां दर्द हो रहा है"। और जैसे ही उसने निगाह उठाकर देखा तो चारों तरफ़ कोई नहीं था वो बड़े से ड्राइंग रूम में अकेला खड़ा था। इस याद ने उसके होठों पे एक मधुर सी मुस्कान ला दी थी। 

    पार्थ की आवाज़ सुनकर समर्थ दौड़कर अंदर आया लेकिन उसकी मुस्कुराहट देखकर वो समझ गया कि पार्थ पुरानी मीठी यादों में खो गया है और वो पार्थ को उसकी यादों के साथ अकेला छोड़कर दूसरे कमरे में चला गया।  

    पार्थ अभी कुछ कदम अपने कमरे की तरफ़ चला ही था कि मां ने रसोई से निकलकर पूछा, " आ गए तुम दोनों? चलो जल्दी से यूनिफॉर्म बदलकर आ जाओ, आज मैंने पार्थ के मन पसंद राजमा चावल बनाए हैं"। इतना सुनते ही संगीता पैर पटक कर बोली," मां तुम हमेशा पार्थ की ही पसंद का खाना बनाती हो, मेरी पसंद का तुम्हें ज़रा भी ख्याल नहीं। बस ये ही तुम्हारा बेटा है"। इस से पहले कि मां कुछ कह पातीं पार्थ के पिता ने हंसकर कहा," कोई बात नहीं बेटा शाम को मैं तुझे तेरी पसंद के समोसे और जलेबी खिलाने ले चलूंगा। अपनी मां को पक्षपात करने दे, मैं हूं ना"। इतना सुनते ही पार्थ बोला, "पापा! पक्षपात मां नहीं आप करते हो। कल जब मां ने दीदी की पसंद का खाना बनाया था तब तो आप मुझे मेरी पसंद का खाना खिलाने नहीं ले गए थे"। 

    "अरे तू तो हमेशा मेरे पास रहेगा लेकिन ये कुछ सालों में शादी करके चली जाएगी। तब तक तो इस से लाड़ कर लूं ", पार्थ के पिता ने प्यार से संगीता के सिर पर हाथ फेरते हुए कहा। तब पार्थ को ये बात समझ नहीं आई थी लेकिन जब उसकी बहन विदा होकर ससुराल चली गई और घर में सन्नाटा छा गया तब वो अपने पिता के कहे शब्दों का अर्थ समझ गया था। इस बात को याद करते करते उसके मन मस्तिष्क में वो सारी भावनाएं ताज़ा हो रही थीं जो उसने अपनी बहन के जाने के बाद महसूस की थीं और उसकी आंखें नम हो गईं। 

    जैसे ही पार्थ ने आगे बढ़कर अपने कमरे में कदम रखा तो देखा उसके सारे मेडल, सारी ट्रॉफी जो उसने पढ़ाई में और शूटिंग में जीतीं थीं सब पहले की तरह ही करीने से उसके कमरे की दीवार पर टंगे थे। स्कूल के दिनों में ही उसे ना जाने कैसे शूटिंग सीखने का शौक लग गया था। जब ये बात उसने अपने पिता को बताई तो उन्होंने एक ट्रेनिंग अकादमी में उसका दाखिला करवा दिया। बस फिर उसे रोकना नामुमकिन हो गया था। उसने नेशनल लेवल पर भी कई मेडल जीते और इसी बीच  मन बना लिया कि वो आर्मी में जाना चाहता है। वो भी पैरा (स्पेशल फॉर्सेज) में जिसके लिए इंडियन आर्मी की पैराशूट रेजिमेंट में भर्ती किया जाता है और पैरा कमांडोज़ बंधक बचाव, आतंकवाद निरोध, व्यक्तिगत बचाव में विशेष रूप से पारंगत किए जाते हैं। पहले उसके माता पिता ने उसके इस फ़ैसले पर चिंता जताई लेकिन जब उन्होंने देखा कि वो अपनी बात पर अडिग है तो उन्होंने भी हामी भर दी थी। हालांकि पहले वो पार्थ के फैसले के खिलाफ़ थे लेकिन धीरे धीरे उन्हें अपने बेटे पर फक्र होने लगा था। 

    जैसे ही पार्थ ने ज़रा सी नज़र घुमाई तो दूसरी दीवार पर उसे एक फोटो कोलाज दिखाई दिया। जिसमें एक फोटो उसकी और अंकिता की शादी की थी। समर्थ की छोटी बहन होने की वजह से वो बचपन से अंकिता को जानता था। लेकिन ये नहीं जानता था कि अंकिता उसे पसंद करती है, वैसे तो उसे भी अंकिता पसंद थी लेकिन समर्थ से गहरी दोस्ती होने की वजह से वो कुछ भी कहना नहीं चाहता था, उसे डर था कि अगर समर्थ बुरा मान गया तो उनकी दोस्ती में दरार पड़ जाएगी। वो तो समर्थ को किसी तरह अपनी बहन की भावनाओं का अंदाज़ा हो गया था और एक बार जब पार्थ छुट्टी लेकर घर आया तब उसने अकेले में मौका देखकर पार्थ से अपने मन की बात की थी। समर्थ चाहता था कि अगर वो दोनों एक दूसरे को पसंद हैं तो दोनों की शादी की बात करनी चाहिए और पार्थ ने इस बात के लिए हां कर दी थी। दोनों परिवार एक दूसरे को बरसों से जानते थे सो सब तैयार हो गए और पार्थ और अंकिता विवाह के अटूट बंधन में बंध गए। 

    उसी कोलाज में कुछ फोटो उनके हनीमून की थीं तो कुछ उनकी पहली होली, दीवाली और करवा चौथ की। कुछ फोटो अकेले अंकिता की थीं क्योंकि सेना में होने के कारण पार्थ हमेशा घर नहीं आ पाता था। 

    इन्हीं फोटो में से एक पार्थ के लिए बहुत कीमती थी; जिसमें उसने अपनी बेटी को पहली बार गोद में लिया था। उसकी बेटी अमीषा जिसके चारों तरफ़ उसकी दुनिया घूमती है। बाप बेटी में इतना प्यार है कि जब दोनों साथ होते हैं तो उन्हें और कोई याद ही नहीं रहता। पार्थ हमेशा ही प्यार से उसे " प्रिंसेज" कहता और वो भी पार्थ की मौजूदगी में अपने को किसी राजकुमारी से कम नहीं समझती। जब पार्थ की ज़िंदगी में अमीषा ने कदम रखा तब वो अपने पिता और बहन के रिश्ते की गहराई को समझ पाया था। वो अच्छी तरह महसूस कर पा रहा था कि किस तरह उसके पिता कुछ ही वर्षों में सारे जीवन का लाड़, प्यार और दुलार  संगीता पर न्यौछावर करना चाहते होंगे।

    वो पुराने खूबसूरत पलों में खोया हुआ था कि उसके मोबाइल की घंटी बजने लगी और उसे अतीत से वर्तमान में वापस ले आई। फ़ोन को साइलेंट करके वो अपने कमरे से बाहर आ गया और दूसरे कमरों की तरफ़ बढ़ गया। संगीता का कमरा अब करीब करीब खाली था। बस एक अलमारी में उसके कुछ कपड़े पड़े थे और दीवार पर बचपन की कुछ तस्वीरें टंगी थी। पार्थ को एहसास हुआ कि संगीता की शादी को करीब दस साल हो चुके हैं मगर सब यादें इतनी ताज़ा थीं जैसे कल की ही बात हो। समय कहां पंख लगा कर उड़ गया पता ही नहीं चला। 

    अब पार्थ घर के आख़िरी कमरे के दरवाज़े पर पहुंचा - उसके मम्मी पापा का कमरा। वही कमरा जिसके अंदर जाने में उसके कदम उसका साथ नहीं दे रहे थे। वही कमरा जहां समर्थ उसका इंतज़ार कर रहा था क्योंकि वो जानता था कि पूरे घर में यहीं वो दर्द भरी यादें हैं जिनकी वजह से पिछले एक साल से पार्थ अपने घर नहीं आया। वही यादें जो उसकी गलती ना होने के बावजूद भी उसकी अंतरात्मा को कचोटती हैं, जो उसे ये एहसास दिलाती हैं कि कहीं न कहीं वो बेटे का फर्ज़ नहीं निभा पाया। अभी पार्थ दरवाज़े पर खड़ा हिचकिचा ही रहा था कि समर्थ ने आकर उसके कंधे पर हाथ रखकर कहा, "अंदर आजा दोस्त, तेरी कोई गलती नहीं थी" । पार्थ ने समर्थ को देखकर धीरे से सिर हिलाया और  कमरे के अंदर चला गया। जैसे ही उसने नज़र उठाई उसे अपने पिता की एक बड़ी सी तस्वीर दिखाई दी जिस पर हार चढ़ा था। जिसे देखकर उसे एहसास हुआ कि उसके पिता अब इस दुनिया में नहीं हैं। वही पिता जो हर तकलीफ़ में उसका सहारा थे, वही पिता जो उसके आदर्श थे, वही पिता जो उसकी छोटी से छोटी ज़रूरत को पूरा करने के लिए ज़मीन आसमान एक कर देते थे। जिनका अंतिम संस्कार करना तो दूर वो उन्हें आखिरी बार देख भी नहीं पाया था। 

    करीब एक साल पहले जम्मू कश्मीर के पूंछ जिले में आतंकवादियों के एक ठिकाने की खबर आर्मी को मिली थी और इंटेलिजेंस ब्यूरो को ये जानकारी मिली थी कि उनके पास भारी मात्रा में असलाह है और वो दिल्ली में कोई बड़ा धमाका करने की तैयारी कर रहे हैं। इस खबर के बारे में केवल कुछ ही लोग जानते थे क्योंकि अगर ये ख़बर बाहर आ जाती तो पूरे देश में डर का माहौल पैदा हो जाता। ऐसे में उन आतंकवादियों के ठिकाने पर हमला करने के लिए मेजर पार्थ सिन्हा की अगुवाई में पैरा कमांडोज़ का एक दल बनाया गया जिसका काम उनके ठिकाने की पूरी जानकारी लेना, उनकी गतिविधियों पर नज़र रखना और फिर पूरी तैयारी के साथ उनपर धावा बोलना था। इसके लिए पार्थ को बंगलुरु से कश्मीर भेज दिया गया। वो जानता था ऐसे मिशन की जानकारी वो किसी के साथ सांझा नहीं कर सकता, अपने परिवार के साथ भी नहीं सो उसने बंगलुरु छोड़ने से पहले अपने माता पिता से, बहन से और समर्थ से बात की और सबको ये बता दिया कि अगले कुछ दिन उस से संपर्क नहीं हो पाएगा और वो बंगलुरु वापस लौटकर सबसे बात करेगा। ये मिशन पूरा होने के बाद जब पार्थ बंगलुरु लौटा तो करीब पच्चीस दिन बीत चुके थे और तब उसे पता चला कि उसके कश्मीर जाने के अगले दिन ही उसके पिता का हार्ट अटैक से देहांत हो गया था। उस से संपर्क साधने का कोई तरीका नहीं था इसलिए संगीता के पति और समर्थ ने उनका अंतिम संस्कार कर दिया। हालांकि दामाद से अंतिम संस्कार करवाने के लिए पार्थ की मां तैयार नहीं थीं लेकिन संगीता ने जैसे तैसे उन्हें ये समझाकर मना लिया था कि दामाद भी बेटा ही होता है। जब पार्थ लौटा अंकिता अमीषा के साथ दिल्ली में थी अपनी सास के पास, उसने पार्थ से कहा भी कि वो छुट्टी लेकर घर आ जाए लेकिन पार्थ ने मना कर दिया और करीब हफ़्ते भर बाद अंकिता, अमीषा और अपनी मां को बंगलुरु बुला लिया था। उसके बाद कभी दिल्ली आने की उसकी हिम्मत ही नहीं हुई। समर्थ ने उसके लिए पूरे संस्कार की वीडियो बनवाई थी, जिस से वो इस सत्य के साथ सामंजस्य स्थापित कर सके कि उसके पिता अब इस दुनिया में नहीं हैं। मगर वो वीडियो कई बार देखने के बाद भी पार्थ कभी इस सच्चाई से समझौता नहीं कर सका कि यूं अचानक उसकी गैर मौजूदगी में उसके पिता उसे छोड़ कर चले गए। तब से वो अब पहली बार अपने घर आया था। ये सब कुछ किसी चलचित्र की तरह पार्थ की आंखों के सामने घूम रहा था और वो अपने पिता की तस्वीर के आगे ही ज़मीन पर बैठकर फूट फूटकर रोने लगा। जबसे उसे ये खबर मिली थी उसने एक आंसू नहीं बहाया था क्योंकि वो इस बात पर यकीन ही नहीं करना चाहता था लेकिन आज वो सच जिस से वो भाग रहा था उसके सामने उसकी आंख से आंख मिलाकर खड़ा था। 

    समर्थ चुप खड़ा सब देखता रहा। वो चाहता था कि जो गुबार पार्थ ने अपने अंदर भर रखा था वो बह जाए। जब उसने देखा पार्थ थोड़ा शांत हो गया है तब वो उसके बराबर में जाकर बैठ गया और उस से बोला, " तू कुछ नहीं कर सकता था पार्थ, तेरी कोई गलती नहीं थी। सब कुछ इतनी झटपट हो गया कि तू यहां होता तो भी अंकल को नहीं बचा पाता। मैं समझ सकता हूं कि तुझे तकलीफ़ है कि तू उन्हें आखिरी बार देख भी नहीं पाया और ना ही उनका अंतिम संस्कार करके बेटे का फर्ज़ निभा पाया लेकिन तू नहीं जानता कि अंकल को तुझ पर कितना नाज़ था। मुझे नहीं लगता कि वो कभी भी ये चाहते कि तू अपना काम छोड़कर उनके पास आ जाता। मैं नहीं जानता तू कश्मीर क्यों गया था लेकिन तू और तेरे जैसे सभी लोग इस देश के लिए जो भी कर रहे हो उसके लिए मेरे जैसा हर आम हिन्दुस्तानी तुम्हें सलाम करता है। तेरे पापा को तब भी तुझ पर गर्व था पार्थ और आज भी होगा। किसी को तुझ से कोई शिकायत नहीं है दोस्त, तू भी अब अपने मन से अपराध बोध की भावना निकाल दे"। इतना कहकर समर्थ खड़ा हो गया और पार्थ की तरफ़ हाथ बढ़ा कर बोला," चल बे जीजा अब उठ जा वरना अंकिता मुझे चार बातें सुनाएगी कि मैंने तेरा ध्यान नहीं रखा"। समर्थ की बात सुनकर पार्थ के होठों पर मुस्कुराहट आ गई और वो धीरे से बोला," तू इसी लायक है साले, तू ने मुझे आधा घंटे एयरपोर्ट पर खड़ा रखा"। 

    इतना कहकर पार्थ और समर्थ दोनों उस कमरे से बाहर आ गए और अपना बचपन याद करने लगे। उस घर से दोनों की अनगिनत यादें जुड़ी थीं। कुछ देर बाद पार्थ ने उस घर पर आख़िरी निगाह दौड़ाई और वो सोच में डूब गया कि, "वैसे तो किसी भी चार दिवारी को मकान कह सकते हैं लेकिन हर मकान घर बनता है उसके रहने वालों से, उनके सपनों से, उनके प्यार से। आज भी उसका घर खाली ज़रूर पड़ा है लेकिन उसमें अब भी रहती हैं उन सबकी खट्टी मीठी यादें और उनका प्यार। वही यादें जिन्होंने पिछले कुछ घंटों से उसे घेर रखा है और उसे ज़रा सा भी अकेलापन महसूस नहीं होने दिया"। उसे लगा जैसे हर घर अपनी एक कहानी कहता है जो बनती है उसमें रहने वाले किरदारों से।

    यही सोचते सोचते पार्थ समर्थ के साथ बाहर आ गया और गाड़ी में बैठते बैठते अपने घर को निहारने लगा। उसे लगा जैसे वो घर उस से कह रहा हो कि, "इस बार इतने दिन मत लगाना, जल्दी लौटकर आना"। मन ही मन कुछ ऐसा ही निश्चय करके पार्थ समर्थ की गाड़ी में बैठ गया।


💐💐💐💐💐💐

गीतिका सक्सेना

बंगला 210 बी,

वेस्ट एंड रोड

सदर घंटाघर के सामने

मेरठ कैंट (यू.पी.)

9910725179

gsaxena1809@gmail.com

----------------------------------------------------------





चलिए राष्ट्र को समर्पित करें अपनी कलम

हम सब मनायें आज़ादी का अमृत महोत्सव

 साहित्य से जुड़ने का अवसर, अपनी कविता/कहानी/साहित्यिक लेखों से प्रेरणा दें समाज को,,, 

अपनी रचना के प्रकाशन हेतु हमारी योजना का लाभ उठाएं Publish ur writing with ISBN

हर एक रचनाकार के लिए सूचना...

क्या आप अपनी रचना को विज्ञान की मदद से विश्वभर में उपस्थित पाठक तक पहुंचना चाहते हैं?

क्या आप भी भविष्य में साहित्यकार बनना चाहते हैं?

 गीता प्रकाशन की इस योजना से जुड़कर आप यह संभव कर सकते हैं।

जल्द आ रहा है एक साझा संकलन  
" साहित्याकाश रचनाकारों का ... "

प्रकाशित करेंगे जिसे ISBN भी प्राप्त होगा।

उसी रचना को हम हमारे ब्लॉगपोस्ट पर पोस्ट करेंगे जो विश्व में कोई भी कहीं भी मुफ्त में पढ़ सकेगा।

पुस्तक को amazon.in पर भी उपलब्ध कराया जाएगा।

है ना कमाल की योजना।

इस योजना से जुड़ने के लिए आपको बस हमें अपनी मौलिक रचना भेजनी है,,,

सदस्यता शुल्क 

₹500 कविता के लिए

₹1500 कहानी के लिए पर आपके लिए मात्र ₹1100

₹3000 साहित्यिक लेखों के लिए आपके लिए मात्र ₹1500

Gpay, ppay, Paytm 
9849250784

पुस्तक प्रकाशन के बाद 2 प्रति आप को घर पर भेजी जाएगी।

अधिक जानकारी हेतु संपर्क करें
9849250784

प्राप्त रचना का प्रकाशन
पहले आओ
पहला स्थान पाओ 
के तर्ज पर किया जाएगा।
--------------------------------------------------------------------------
-----------------------------------------------------------------------
Call 9849250784 for more details on Book. 

Book Published by
GEETA PRAKASHAN
Hyderabad
6281822363
-----------------------------------------------------------------------------------------------------


scan to see on youtube



scan to join on WhatsApp

------------------------------------------------------------------------------


BOOK PUBLISHED BY :

GEETA PRAKASHAN

INDIA

Cell 98492 50784


---------------------------------------------------------------------------------

do you want to publish your writing through our BLOGPAGE ?

Please call us 62818 22363

No comments:

Post a Comment

एहसास की खुशबू - सोहन ‘समीं‘ (Geeta Prakashan Bookswala's Anthology "निवेश अक्षरों का")

    (Geeta Prakashan Bookswala's Anthology "निवेश अक्षरों का")     एहसास की खुशबू  💐.......................................💐...